Weather Update: एनसीआर में सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास, मौसम रहेगा शुष्क

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा और आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जो मौसम के धीरे-धीरे बदलने का संकेत है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक का मौसम लगभग एक जैसा रहेगा। 30 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जबकि आर्द्रता 85 से 65 प्रतिशत के बीच रहेगी। 1 अक्टूबर से तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 1 और 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

वहीं, 3 से 5 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूरे सप्ताह आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। मौसम साफ होते ही दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अब ‘यलो जोन’ (मध्यम श्रेणी) में पहुंच गया है।