वेदांता हादसा : मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की मदद और एक आश्रित को नौकरी, अब तक 17 की गई जान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार दोपहर तक मौत का आंकड़ा 9 था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 17 हो गया है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है, जबकि अभी भी 25 से अधिक मजदूर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। रायगढ़ के जिंदल अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती घायलों की चीखें व्यवस्था की संवेदनहीनता पर करारा तमाचा हैं। यह महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर किया गया एक औद्योगिक अपराध प्रतीत होता है।
इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा के खोखले दावों की भी कलई खोल दी। बॉयलर की पाइपलाइन फटने से हुए इस भयावह विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। जानकारी के अनुसार वेदांता प्रबंधन द्वारा हादसे के शिकार हुए मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए और 1 आश्रित को नौकरी देने का ऐलान किया है, जबकि राज्य सरकार ने मृतक परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50,000 की मुआवजा देने की घोषणा मंगलवार को की है। प्रबंधन घायलों को 15 लाख रुपए और बेहतर इलाज की घोषणा की है।