राष्ट्रपति 23 को आएंगी जगदलपुर, दशहरा के मुरिया दरबार में होंगी शामिल

जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी दिनों में प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियां शुरू हो गई है। राष्ट्रपति का 22 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक रायपुर एवं जगदलपुर का प्रवास प्रस्तावित है। राष्ट्रपति का जगदलपुर में 23 अक्टूबर को मुरिया दरबार और लाल बाग ग्राउंड में बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित है।
प्रदेश के मुख्य सचिव ने रायपुर एवं बस्तर संभाग के कलेक्टरों का राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट (जगदलपुर) से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा और सड़क मार्ग से यात्रा की सुगम व्यवस्था का दायित्व संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त तथा पुलिस अधीक्षकों को सौंपा गया है।

बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सांसद महेश कश्यप ने मां दंतेश्वरी एवं मावली माता से बस्तर दशहरा के निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की है। साथ ही बस्तर, छत्तीसगढ़ और देशभर के लोगों से इस अनूठे सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष बस्तर दशहरा का महत्व और बढ़ गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण विधान मुरिया दरबार में शामिल होने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्सुकता है। बस्तर सांसद ने इसे बस्तर के लिए गर्व का विषय बताते हुए राष्ट्रपति के स्वागत और अभिनंदन की बात कही है।