ग्राहकों को अलर्ट कर रहे बैंक, केवायसी नहीं कराया तो बंद हो सकता है खाता

रायपुर। रायपुर के हजारों ऐसे बैंक खाताधारकों के लिए बैंकों ने चेतावनी जारी की है, जिन्होंने लंबे समय से अपने खाते का ग्राहक पहचान सत्यापन नहीं कराया है। विभिन्न बैंक शाखाओं ने कार्यालयों में सूचना चस्पा कर ग्राहकों को 30 अक्टूबर तक पहचान संबंधी जानकारी अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर खाते से लेन-देन रोकने से लेकर खाता बंद करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बैंकों के अनुसार शहर की शाखाओं में बड़ी संख्या में ऐसे खाते हैं, जिनमें एक से लेकर पांच साल तक कोई सक्रिय लेन-देन नहीं हुआ है। ऐसे खाताधारकों को पहचान संबंधी जानकारी अपटेड कराने के लिए सूचित किया जा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई बैंकों की शाखाओं में इस संबंध में सूचनाएं जारी की गई है। पहचान सत्यापन के दौरान आधार, स्थायी खाता संख्या, पहचान और पते से संबंधित दस्तावेज लिए जा सकते हैं। कुछ मामलों में ग्राहक का भौतिक सत्यापन भी जरूरी होगा।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, ग्राहकों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर खाते से जुड़े लेन-देन में परेशानी आ सकती है। जानकारी के मुताबिक अलग-अलग बैंकों को मिलाकर एक लाख के करीब ऐसे ग्राहक हैं, जिन्होंने लंबे समय से बंद खाते को चालू नहीं करवाया है।