रायपुर। 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को साइंस कॉलेज मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 जिलों से करीब 300 तीरंदाज, कोच, मैनेजर एवं ऑफिशियल शामिल होंगे।
आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए आयुष मुरारका ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजों का चयन आगामी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक जयपुर, राजस्थान में प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 4 अक्टूबर को शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में सांसद लक्ष्मी वर्मा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कौशलेंद्र महाराज तथा समाजसेवी बसंत अग्रवाल बतौर अतिथि शामिल होकर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के जूनियर तीरंदाजों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन करना है।