रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पारित नहीं होने देने पर कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 70 करोड़ महिलाओं की उम्मीद टूटी है। इसके लिए निश्चित रूप से देश की मातृशक्ति इंडी गठबंधन को कतई माफ नहीं करेगी। समूचे विपक्ष को इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा, विधेयक पारित नहीं होने बावजूद भाजपा का संकल्प डिगा नहीं है और इस अधिनियम के मार्ग की सारी बाधाओं को दूर करके हम देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक अधिकार दिलाकर रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे देश की आधी आबादी, माता-बहनों को देश के विकास में सहभागी बनाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारी शक्ति वन्दन (संशोधन) अधिनियम लाया गया था। लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि हमारी माता-बहनों की खुशी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और समाजवादी पार्टी के अड़ियल रुख और महिला विरोधी राजनीतिक चरित्र के चलते साकार नहीं हो पाई।
ब्रिटिश नीति पर चली है कांग्रेस
सीएम ने कहा, कांग्रेस फूट डालो और राज करो की ब्रिटिश नीति पर चलकर पिछले तीन दशकों से महिला आरक्षण की केवल बातें कर रही है। जब भी इस पर सार्थक पहल कर उसे कानून बनाने का वक्त आता है तब कांग्रेस के लोग मुंह फेर लेते हैं। परिसीमन, धर्म आधारित आरक्षण, उत्तर-दक्षिण वैमनस्य पैदा करने की घृणित कोशिश करके नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को पारित नहीं होने दिया।