नई दिल्ली। फरवरी के आखिरी हफ्ते में दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिमी भारत की पहाड़ियों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ देखा जा सकता है, जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा।
मंगलवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 24 फरवरी को शहर का मौसम साफ रहेगा और सुबह के वक्त हल्का कोहरा या मिस्ट छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 40 से 95 प्रतिशत के बीच रहा। वहीं अगले दो दिनों के पूर्वानुमान में तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। 25 और 26 फरवरी को तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जहां अधिकतम तापमान 30 से 31 और न्यूनतम 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हालांकि, सुबह के वक्त हल्की ठंड और तेज हवाओं से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन किसी तरह के मौसम अलर्ट की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।