नई दिल्ली। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने मां दुर्गा से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जय माता दी। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मां भगवती से आपके उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और वैभवपूर्ण जीवन की कामना करता हूं।”
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व शक्ति, साहस और वसंत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने हिंदू नववर्ष, गुड़ी पड़वा, उगादी और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए मां शैलपुत्री से सभी के जीवन में सुख, शांति और नई आशाओं के संचार की कामना की।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संस्कृत श्लोक के माध्यम से मां शैलपुत्री को नमन किया और समस्त जगत के मंगल व कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने एक अन्य संदेश में मां भगवती से हर घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री से सभी भक्तों के जीवन में शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा के संचार की प्रार्थना की।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां के नौ रूपों की आराधना से सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशियां आएं।