रायपुर: अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह के अवसर पर रायगढ़ के मोती महल परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में देश और प्रदेश के पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच और खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

समापन समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बजरंगबली की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतियोगिता में शामिल पहलवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी खिलाडि़यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह केवल कला और संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन भी है। रायगढ़ की ऐतिहासिक माटी पर महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। कुश्ती हमारी समृद्ध खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जिसमें अनुशासन, साहस, धैर्य और निरंतर अभ्यास का विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है। ऐसे आयोजन युवा खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों से सीखने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चक्रधर समारोह रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। समारोह के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन इसे और व्यापक स्वरूप प्रदान करता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल पहलवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजकों और सभी खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दीं।

पुरुष वर्गरू 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दिल्ली के रौनक प्रथम, राजस्थान के अर्जुन रूहील द्वितीय और महाराष्ट्र के सुयश कोलहटकर तृतीय रहे। 72 से 79 किलोग्राम में हरियाणा के रोहित प्रथम, हरियाणा के विकास द्वितीय और उत्तर प्रदेश के रितिक राना तृतीय रहे। 70 किलोग्राम से अधिक में भिलाई के सतपाल यादव प्रथम, दुर्ग के शेख फरदीन द्वितीय और बेमेतरा के अमित यादव तृतीय रहे।
62 से 71 किलोग्राम में दिल्ली के सागर प्रथम, महाराष्ट्र के विशाल सुर्वे द्वितीय और पंजाब के वंश चाहर तृतीय रहे। 61 से 69 किलोग्राम में सुकमा के मनीष कुमार यादव प्रथम, दुर्ग के लक्की यादव द्वितीय और भिलाई के पवन कुमार तृतीय रहे। 56 से 60 किलोग्राम में करन कुमार प्रथम, रायपुर के नंदकुमार द्वितीय और महासमुंद के विक्रम साहू तृतीय रहे। 52 से 55 किलोग्राम में बिलासपुर के पवन कुमार प्रथम, धमतरी के यश बाल्मिकी द्वितीय और बालोद के मेहुल टंडन तृतीय रहे। 48 से 51 किलोग्राम में धमतरी के हितेश कुमार कुर्रे प्रथम, बिलासपुर के शुभम यादव द्वितीय और रायगढ़ के अमन ठाकुर तृतीय रहे।

महिला वर्गरू 71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दिल्ली की स्नेहा प्रथम, हरियाणा की हंशिका द्वितीय और बिलासपुर की उन्नति सिंह तृतीय रहीं। 70 किलोग्राम से अधिक में दुर्ग की ग्रेसी पटेल प्रथम, दुर्ग की प्रेमा धीमर द्वितीय और बिलासपुर की उन्नति सिंह तृतीय रहीं। 62 से 70 किलोग्राम में दिल्ली की एंजल प्रथम, हरियाणा की शिनू द्वितीय और स्वेच्छा चौहान तृतीय रहीं।
61 से 69 किलोग्राम में धमतरी की स्वेच्छा चौहान प्रथम, लक्ष्मी साहू द्वितीय और बिलासपुर की अंशिका जैन तृतीय रहीं। 56 से 60 किलोग्राम में बिलासपुर की पवनी यादव प्रथम, रायपुर की सुनीता यादव द्वितीय और महासमुंद की वेदांती ठाकुर तृतीय रहीं। 52 से 55 किलोग्राम में रायपुर की निधि यादव प्रथम, बिलासपुर की जागृति केवट द्वितीय और दुर्ग की वंदना कोमरा तृतीय रहीं। 48 से 51 किलोग्राम में रायपुर की राधिका पटेल प्रथम, कोरबा की उमा द्वितीय और डिम्पल साहू तृतीय रहीं।
समापन अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।