तीरंदाजी में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव, राज्य अलंकरण से सम्मानित

रायपुर, 20 अगस्त 2026। तीरंदाजी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन के दम पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्षों के संघर्ष, निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप चांदनी साहू, पायल मरावी, अभिलाष राज, बिंदेश्वरी मरावी, नित्या मरावी, आरती मसराम और यशपाल ध्रुव ने तीरंदाजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
छत्तीसगढ़ शासन ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की उपलब्धियों को सम्मान देते हुए वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न राज्य अलंकरणों से सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए चांदनी साहू, सुलोचना राज, पायल मरावी तथा कोच इतवारी राज का चयन किया गया। वहीं शहीद राजीव पुरस्कार से विकास कुमार तथा शहीद कौशल पुरस्कार से विक्रम राज को सम्मानित किया गया।
इन उपलब्धियों को लेकर तीरंदाजी खेल परिवार में उत्साह और हर्ष का माहौल है। खेल से जुड़े लोगों ने कहा कि यह सम्मान केवल खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों, साथियों और खेल प्रेमियों के सहयोग एवं विश्वास का भी प्रतिफल है।
खिलाड़ियों की इस सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर मार्गदर्शन के बल पर इन खिलाड़ियों ने सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
तीरंदाजी खेल परिवार की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कैलाश मुरारका, NMDC परिवार, NTPC परिवार, सफल आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों और समस्त प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सभी सम्मानित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
खेल परिवार ने उम्मीद जताई कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ और भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे।