भारत-यूके आर्थिक साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती : पीयूष गोयल

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि उन्होंने एशिया हाउस और दुनिया की प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उपयोगी गोलमेज बैठक की, जिसमें भारत-यूके आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और भविष्य के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत के मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद अपार अवसर वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि बैठक के दौरान भारत के मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) दोनों देशों की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती देगा।
वाणिज्य मंत्री ने यूके-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूकेआईबीसी) के सदस्यों के साथ एक इंटरैक्टिव लंच बैठक भी की। इस दौरान दुनिया की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भारत-यूके आर्थिक सहयोग, निवेश बढ़ाने और नए कारोबारी अवसरों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सहयोग को और गहरा कर भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पीयूष गोयल ने लंदन बिजनेस स्कूल में फैकल्टी, छात्रों, पूर्व छात्रों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने एक विशेष फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंधों को मजबूत बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्र, पेशेवर और उद्यमी दोनों देशों के बीच सहयोग, नवाचार और लोगों के बीच संबंधों को और सशक्त बना सकते हैं।
वाणिज्य मंत्री गोयल भारत के अब तक के सबसे बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों में से एक के साथ ब्रिटेन पहुंचे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में 160 से अधिक अग्रणी भारतीय कंपनियां शामिल हैं, जिनका उद्देश्य दोनों देशों की ऐतिहासिक आर्थिक साझेदारी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई 2026 से लागू होने वाला भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) दोनों देशों के संबंधों में नया अध्याय जोड़ेगा और विकास के नए अवसर खोलेगा।
पीयूष गोयल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि टीम अपने शानदार प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता से लाखों युवा लड़कियों, खिलाड़ियों और पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने महिला टी20 विश्व कप के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारतीय टीम विश्व कप की ट्रॉफी जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।