राज्यपाल रमेन डेका करेंगे स्क्वैश “ईस्टर्न स्लैम 2026” का उद्घाटन,21 राज्यों से कुल 349 खिलाड़ी लेंगे भाग


रायपुर:छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रही प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश प्रतियोगिता “ईस्टर्न स्लैम 2026” (ASF Silver Status – 5 Star Event) का उद्घाटन समारोह 22 जून 2026 को दोपहर 1:00 बजे स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, बुढ़ापारा, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल, छत्तीसगढ़ रमेन डेका जी होंगे, जो प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करेंगे।



स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) व छत्तीसगढ़ ओलंपिक”संघ के तत्त्वाधान  छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 22 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) सिल्वर स्टेटस, स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) 5-स्टार रैंकिंग टूर्नामेंट तथा प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (PSA) एवं वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन (WSF) सैटेलाइट मान्यता प्राप्त है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों से कुल 349 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। मेजबान छत्तीसगढ़ से 49 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता में कुल 12 वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग शामिल हैं।

ईस्टर्न स्लैम 2026 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। साथ ही यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश मानचित्र पर स्थापित करने, राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा खेल पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

माननीय राज्यपाल रमेन डेका जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाला उद्घाटन समारोह खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। समारोह में विभिन्न गणमान्य अतिथियों, खेल प्रशासकों, अधिकारियों एवं खेल जगत से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।

छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन ने प्रदेशवासियों, खेल प्रेमियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।