लोक निर्माण विभाग सचिव ने निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का अवलोकन किया

गौरेला पेंड्रा मरवाही: छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने जिला प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय पेण्ड्रारोड में निर्माणाधीन कंपोजिट बिल्डिंग का अवलोकन किया। उन्होंने भवन में चल रहे फिनिशिंग कार्याे के साथ ही शेष रह गए कार्याे की जानकारी लेने के बाद अगस्त माह की अंतिम तारीख तक अच्छी गुणवत्ता के साथ भवन पूर्ण करने के निर्देश संबंधित निर्माण ऐजेंसी को दिए। बंसल ने लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कंपोजिट बिल्डिंग में कलेक्टर चेंबर,कलेक्टर न्यायालय,मीटिंग हॉल, वेटिंग रुम, आवक-जावक शाखा, पोर्च,लिफ्ट सहित विभिन्न कमरों का अवलोकन कर वहां लगे टाइल्स, ग्रेनाईट, वायरिंग आदि कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया।
सचिव बंसल ने कलेक्टर न्यायालय एवं मीटिंग हॉल में आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य मार्ग से भवन तक पहुच मार्ग, बिल्डिंग कैम्पस का बाउंड्रि वाल,पार्किंग, कैन्टीन आदि कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन को विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आबंटन की कार्रवाई करने कहा। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता लोक निर्माण व्हीके भतपहरी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण नित्य कुमारी ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।