अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री व सरगुजा के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी सोमवार को अंबिकापुर प्रवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने शहर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित टाटा शो रूप में पीछे स्थित सियान गुड़ी डे केयर सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सियान गुड़ी डे केयर सेंटर का उद्घाटन करने के बाद वित्त मंत्री ने विधायक और महापौर के साथ लूडो खेल का लुत्फ उठाया। बता दें कि सियान गुड़ी डे केयर सेंटर में बुजुर्गों के मनोरंजन से लेकर स्वास्थ्य की देखरेख के लिए कई सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
सियान गुड़ी डे केयर सेंटर का उद्घाटन करने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सीएम के नेतृत्व में हमारी सरकार ने एक अच्छी पहल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में सियान गुड़ी डे केयर सेंटर खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य हमारे सम्मानीय बुजुर्ग, जो कि समाज के धरोहर होते हैं। हमेशा ओल्ड इज गोल्ड बोला जाता है।
उनके अनुभव से ही आने वाली पीढ़ी बेहतर लाभ लेते हुए समाज को आगे बढ़ा सकती है। उनके मार्गदर्शन में ही एक मूल्यवान व सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इसलिए बुजुर्गों का सम्मान आवश्यक है। उसी सोच के साथ सियान गुड़ी डे केयर सेंटर सभी प्रकार के मनोरंजक सुविधाओं के साथ प्रारंभ किया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग के मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से इसका उद्घाटन किया गया है। इसके लिए उन्होंने सभी बुजुर्गों को बधाई दी। बता दें कि सियान गुड़ी डे केयर सेंटर प्रदेश के 13 जिलों में संचालित होना है।
सेंटर का उद्घाटन करने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत व वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने लूडो खेल का लुत्फ उठाया। बता दें कि डे केयर सेंटर में 60 वर्ष व उससे ऊपर के बुजुर्गों के लिए खोला गया है। इसमें लूडो, चेस, कैरम के अलावा योगाभ्यास, स्वास्थ्य जांच समेत अन्य सुविधाएं दी गई हैं।