उपमुख्यमंत्री ने डायल-112 पर कॉल कर जांची कार्यप्रणाली, समय पर पहुंची टीम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने हाईवे पर अचानक रुककर डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा की कार्यप्रणाली का औचक निरीक्षण किया। रायपुर से कवर्धा जाते समय बेमेतरा के पास उन्होंने खुद को पीड़ित बताकर डायल-112 पर कॉल किया और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने मारपीट और सड़क दुर्घटना का शिकार बनकर शिकायत दर्ज कराई और फिर हाईवे किनारे एक ढाबे के पास रुककर पुलिस टीम के पहुंचने का इंतजार किया। तय समय में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री ने पूरी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
खुद कॉल कर जांची पुलिस की तत्परता
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने केवल औपचारिक निरीक्षण तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि आम नागरिक की तरह हेल्पलाइन पर कॉल कर सिस्टम की वास्तविक स्थिति को परखा। उन्होंने शिकायतकर्ता बनकर यह जानने की कोशिश की कि आपातकालीन स्थिति में पुलिस कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देती है। सूचना मिलने के बाद डायल-112 वाहन निर्धारित समय में मौके पर पहुंचा। इससे सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और रिस्पॉन्स टाइम का परीक्षण किया गया।