रायपुर। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन-6 के शहीद बिग्रेडियर उस्मान वार्ड क्रमांक 63 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यह कार्य अधोसंरचना मद के तहत सड़क, नाली और पुलिया निर्माण से जुड़े हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डवासी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जोन-6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद प्रमोद साहू, पूर्व पार्षद सुभाष तिवारी और रामकृष्ण धीवर सहित जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
विधायक सुनील सोनी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके। पार्षद प्रमोद साहू ने वार्ड में विकास कार्य शुरू होने पर विधायक सुनील सोनी का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम वार्डवासियों के लिए राहत और सुविधा लेकर आएगा।