रायपुर। राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के हॉस्टल क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद विश्वविद्यालय और हॉस्टल की बिजली कई घंटों तक बाधित रही, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इस घटना में 20 लाख से अधिका नुकसान होना बताया जा रहा है। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।
20 लाख से अधिक का नुकसान
जानकारी के अनुसार आग विश्वविद्यालय परिसर के उस हिस्से में लगी, जहां खेती परीक्षण और कृषि अनुसंधान से जुड़ी फसलें और सामग्री रखी गई थीं। देखते ही देखते आग ने कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में खेती परीक्षण से जुड़ी फसलों और उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। करीब 20 लाख रुपए से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड को लेट दी गई सूचना
विश्वविद्यालय के छात्रों के अनुसार, आग लगने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से तुरंत दमकल विभाग को सूचना नहीं दी गई। छात्रों का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश में फायर ब्रिगेड को देर से जानकारी दी गई।
इस दौरान विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी और छात्र खुद ही आग बुझाने में जुटे रहे। घंटों तक पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग लगातार फैलती रही।
स्थिति बिगड़ने के बाद आखिरकार फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर टीम ने आसपास के हिस्सों में आग फैलने से भी रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आगजनी के कारण हॉस्टल की बिजली रातभर बाधित रही। विश्वविद्यालय परिसर में आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।