भाजपा की सरकार बनने के बाद हर पुरानी फाइल खुलेगी और न्याय होगा : पीएम मोदी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दमदम में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और राजनीतिक बदलाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उनके मंच पर आरजीकर प्रकरण में पीड़िता की मां और पनिहाटी से भाजपा उम्मीदवार रत्न देबनाथ भी मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद हर पुरानी फाइल खुलेगी और न्याय होगा। उन्होंने कहा कि वह बंगाल की हर बेटी को भरोसा दिलाने आए हैं कि भाजपा उनके सपनों को टूटने नहीं देगी। उन्होंने बताया कि सभा स्थल पर पहुंचने के दौरान एक बहन ने उन्हें राखी भेंट की, जिसके बाद उन्होंने बहनों की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से जुड़े पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोली जाएंगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं न्याय मांगती हैं, लेकिन उन्हें संरक्षण देने के बजाय चुप रहने की सलाह दी जाती है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि एक मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के शासन में उसे छीन लिया। यह स्थिति राज्य के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश को स्वतंत्रता का संदेश दिया था और अब बंगाल में नई दिशा देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव जनता के एक वोट से संभव है और मतदाता राज्य के भविष्य का फैसला करेंगे।
अपने दौरे का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बेलूड़ मठ पहुंचने को सौभाग्य बताया। उन्होंने गंगा दर्शन, आम लोगों से मुलाकात और दक्षिणेश्वर काली मंदिर में मां काली को नमन करने की बात भी कही। साथ ही राज्य की माताओं और बहनों को सम्मान प्रकट किया।
सभा के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल का गौरव वापस लाने, इसे अवसरों की भूमि बनाने और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए परिवर्तन आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित जांच होगी और दोषियों को दंड मिलेगा।