राजनांदगांव। राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त कार्यक्रम अनुसार आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्धारित समय में शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी सीएल मारकण्डेय उपस्थित थे। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सुबह 11 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष पद हेतु किरण रविन्द्र वैष्णव एवं विमल विभा साहू के द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा किया गया। जांच उपरांत दोनों नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाए गए और मतदान कराया गया। मतदान पश्चात् मतगणना की कार्रवाई की गई। जिसमें किरण रविन्द्र वैष्णव को अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित घोषित कर प्रमाण-पत्र प्रदाय किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष का निर्वाचन शांति पूर्वक संपन्न हुआ। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए दोपहर 2.30 बजे किरण अमर साहू और महेन्द्र यादव के द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा किया गया। जांच उपरांत दोनों नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाए गए और मतदान कराया गया। मतदान पश्चात् मतगणना की कार्रवाई की गई। जिसमें किरण अमर साहू को उपाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित घोषित कर प्रमाण-पत्र प्रदाय किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हुआ। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजनांदगांव देवेन्द्र कुमार कौशिक उपस्थित थे।