विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के लिए आवश्यक पहल करें अधिकारी : कलेक्टर

 दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों की बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागीय गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागों से अनुकम्पा नियुक्ति की अद्यतन जानकारी लेते हुए कहा कि शासन के मार्गदर्शी निर्देशों के तहत अधिकारी विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति हेतु आवश्यक पहल करना सुनिश्चित करें। नियुक्ति हेतु पद रिक्त नहीं होने की स्थिति में संभागायुक्त कार्यालय अथवा उच्च विभागीय कार्यालय को सूचित करें। कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर लता उर्वशा को अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में सभी विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर अवगत कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने अधिकारियों को अवगत कराया कि इंडियन रेडक्रास सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा प्रथम राज्य स्तरीय जुनियर रेडक्रास मीट 2024 का आयोजन दुर्ग शहर के भारती विश्वविद्यालय परिसर पुलगांव में 18 से 22 अक्टूबर 2024 तक किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को विभिन्न कार्यों हेतु नोडल अधिकारियों का दायित्य सौंपा गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उक्त मीट के सफल आयोजन हेतु सभी नोडल अधिकारी सौंपे गये दायित्व का संपादन बेहतर ढंग से करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि विभागों में उपलब्ध 15 वर्ष से पुरानी शासकीय वाहनों को स्क्रैप किया जाना है। इसके लिये 15 वर्ष पुरानी शासकीय वाहनों का डाटा परिवहन विभाग के साफ्टवेयर 0.4 में उपलब्ध होना आवश्यक है। ऐसे सभी वाहनों का शासन स्तर से राइटफ होना है। उन्हांने अधिकारियों को 15 वर्ष से पुरानी वाहनों का नीलामी हेतु एम.एस.टी.सी. पंजीयन विभागीय स्तर से कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का पेंशन प्रकरण के संबंध में कहा कि किसी भी विभाग में जिला कोषालय और संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा स्तर पर प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्हांने पेंशन प्रकरण का निराकरण निर्धारित अवधि में करा लेने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने की अद्यतन प्रगति पर अंसतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को ग्रामवार एवं नगरीय निकायों वार कार्ययोजना बनाकर डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से आगामी माह तक छूटे हुए लोगों का आयुष्मान कार्ड का कार्य पूर्ण करने निर्देशित किया है। इसी प्रकार छूटे हुए राशन कार्डों का ई-केवायसी की प्रक्रिया भी पूर्ण करायी जाये। कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार की परियोजनाओं गेल, पावर ग्रिड टावर एवं भारत माला परियोजना के कार्य समय पर पूर्ण हो। उन्होंने इस हेतु संबंधित एसडीएम को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिये। ताकि राष्ट्रीय परियोजनाओं का कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने पावर ग्रिड के अधिकारी को किसानों से समन्वय बनाकर मुआवजा भुगतान राशि समय पर वितरित कराने के निर्देश दिये।

Post a Comment

Previous Post Next Post