उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा पहुंचे लोहारीडीह


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा शनिवार को कबीरधाम जिले के लोहारीडीह पहुंचे। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक भावना बोहरा और साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस दौरान उनके साथ थे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोहारीडीह में मृतक प्रशांत साहू के घर पहुँचकर उनकी मां से मुलाकात की और घटना पर राज्य सरकार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्वर्गीय प्रशांत साहू की मां को दस लाख रुपए का चेक सौंपा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए कहा कि आज हम सब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लोहारीडीह आए हैं। हमने गांववालों, समाज के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों के साथ मृतकों शिव प्रसाद साहू, रघुनाथ साहू और प्रशांत साहू के घर पहुँचकर उनके परिजनों तथा पड़ोसियों से भेंटकर अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी लोहारीडीह में दुखद घटना पर अपनी गहरी संवेदना और दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने घटना की हर पहलुओं की बारीकी तथा पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि आज हमने मृतक रघुनाथ साहू के घर पहुंचकर आगजनी में जले उसके घर का मुआयना किया है। मृतक श्री शिव प्रसाद के बच्चों और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी है। लोहारीडीह की घटना की हर पहलू की जांच की जाएगी। पीडि़तों और बेगुनाहों को न्याय मिलेगा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर इस पर तत्परता से कार्यवाही की जा रही है। हम लोग लौटकर सभी संबंधितों से हुई चर्चा से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।

उप मुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री विजय शर्मा ने लोहारीडीह में ग्रामीणों से कहा कि उन्होंने गांव आने से पहले दुर्ग जिला जेल में रखे गए गांव की माताओं-बहनों से मुलाकात की है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निर्देशित किया है। संदेह के आधार पर जेल में रखे गए सभी ग्रामीणों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रशासन को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोहारीडीह की घटना अत्यंत दु:खद है। पीडि़त परिवारों के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। मैं भी इस क्षेत्र के विधायक के रूप में पीडि़त परिवारों के साथ एक अभिभावक के रूप में सदैव रहूंगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post