राजधानी में डबल मर्डर , जीजा ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर की हत्या

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, मोवा इलाके में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही दो सालियों को गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। मामले में मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर दोनों महिलाओं पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि उसने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

रायपुर कमिश्नरेट के आला पुलिस अधिकारी घटना की सूचना मिलते मौके में  पहुंच चुके है और प्रारंभिक जांच करके आगे की कार्यवाही की जा रही है ।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और पारिवारिक विवाद की असली वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस हद तक खतरनाक रूप ले सकते हैं। छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता तनाव और गुस्सा कभी-कभी ऐसी भयावह घटनाओं को जन्म दे देता है

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।